उत्तराखंडपुरोला

पुरोला के लाल ने लहराया परचम: UPSC में चयन के बाद गांव लौटे ऋषभ नौटियाल का ऐतिहासिक स्वागत, युवाओं को दी ये खास सीख

जन एक्सप्रेस/पुरोला : पहाड़ की प्रतिभाएं एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर चमक रही हैं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित परीक्षा में 552वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाने वाले ऋषभ नौटियाल का अपने पैतृक गांव सुनाली पहुंचने पर किसी नायक की तरह भव्य स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप और जयकारों की गूंज के बीच पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में डूब गया।

फूल-मालाओं से लदा ‘पहाड़ का गौरव’

जैसे ही ऋषभ ने गांव की सीमा में प्रवेश किया, ग्रामीणों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। अपने लाल की इस सफलता से भावुक ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। स्वागत समारोह के दौरान ऋषभ ने अपने ननिहाल पोरा गांव जाकर कपिल मुनि महाराज और खंडासुरी मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद लिया।

युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत

ऋषभ नौटियाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने क्षेत्र के उभरते हुए छात्रों और युवाओं को संदेश देते हुए कहा:

“कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट धैर्य ही सफलता की कुंजी है। विफलता से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि अपने लक्ष्य की ओर निरंतर बढ़ते रहना चाहिए।”

पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

ऋषभ की इस उपलब्धि को ग्रामीण आने वाली पीढ़ी के लिए मील का पत्थर मान रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संसाधनों के अभाव के बावजूद ऋषभ ने जो मुकाम हासिल किया है, वह हर युवा के लिए एक मिसाल है।

इस ऐतिहासिक स्वागत समारोह में मदन बिजलवान, गुरुप्रसाद बिजलवान, सुदामा बिजलवान, त्रिलोक, अनीत, कुलानन्द, कौशल किशोर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button