
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: जिला मजिस्ट्रेट नितिका खण्डेलवाल ने गत 2 अप्रैल को अपराह्न में जनपद के विकास खण्ड थौलधार के अंतर्गत ग्राम पंचायत नकोट, पट्टी जुवा के बगदीरीखाल नामक तोक में भालू द्वारा तीन व्यक्तियों पर किए गए जानलेवा हमले की घटना का संज्ञान लेते हुए परगना मजिस्ट्रेट टिहरी को जांच अधिकारी नामित किया है।
उन्होंने परगना मजिस्ट्रेट टिहरी को निर्देशित किया है कि उक्त घटना की मजिस्ट्रियल जांच करते हुए सुस्पष्ट जांच आख्या प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में परगना मजिस्ट्रेट द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी भी व्यक्ति के पास उक्त घटना से संबंधित कोई जानकारी हो, तो वह 14 अप्रैल तक उनके कार्यालय में कार्य दिवस पर उपस्थित होकर अपने लिखित अथवा मौखिक साक्ष्य प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने कहा कि संबंधित जानकारी डाक के माध्यम से भी कार्यालय को प्रेषित की जा सकती है।






