उत्तर प्रदेशपीलीभीत

शहीद हवलदार लखविंदर सिंह को नम आंखों से अंतिम विदाई

राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख पहुंचे शहीद के गांव, परिजनों से मिलकर दी श्रद्धांजलि और सांत्वना

जन एक्सप्रेस पीलीभीत। सिक्किम के लाचुंग क्षेत्र में भूस्खलन के दौरान ड्यूटी निभाते समय सर्वोच्च बलिदान देने वाले जनपद पीलीभीत के वीर सपूत हवलदार लखविंदर सिंह को बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

ग्राम धुरिया पलिया, थाना माधौटांडा निवासी शहीद के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहीद के अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार में कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्य मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री बलदेव सिंह औलख विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

राज्यमंत्री औलख ने कहा कि हवलदार लखविंदर सिंह ने देश सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीद के परिवार की हर संभव सहायता की जाएगी और सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है।

इस दौरान राज्यमंत्री ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की दिवंगत आत्मा को शांति और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया और अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ऋतु पूनिया ने भी शहीद के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।

गांव और आस-पास के क्षेत्रों में शोक की लहर व्याप्त है। लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी और ‘शहीद लखविंदर सिंह अमर रहें’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button