उत्तराखंड

पीजी कॉलेज में नए विषय शुरू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन।

जन एक्सप्रेस/पुरोला: राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (PG College) पुरोला में शिक्षा के सीमित विकल्पों को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और अभिभावकों में भारी रोष है। स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर नए विषयों के संचालन की मांग को लेकर अभिभावक संघ और छात्र संघ ने संयुक्त रूप से उपजिलाधिकारी (SDM) मुकेश रमोला के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।

इन विषयों को शुरू करने की है मांग

ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय में लंबे समय से बुनियादी विषयों का अभाव है। प्रमुख मांगों में शामिल हैं:

  • स्नातक स्तर (UG): चित्रकला, संस्कृत, गृह विज्ञान, संगीत और भूगोल।

  • स्नातकोत्तर स्तर (PG): भौतिक विज्ञान, गणित के साथ-साथ कला संकाय में राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, अर्थशास्त्र और इतिहास।

40% छात्र उच्च शिक्षा से हो रहे हैं वंचित

अभिभावकों का कहना है कि पुरोला क्षेत्र से हर साल 400 से अधिक छात्र इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करते हैं। लेकिन कॉलेज में मनपसंद विषय न होने के कारण लगभग 40 प्रतिशत छात्र-छात्राएं आगे की पढ़ाई नहीं कर पाते। संसाधनों के अभाव में कई छात्र पढ़ाई छोड़ देते हैं या उन्हें दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संभव नहीं है।

विभागीय सुस्ती पर उठाए सवाल

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इससे पहले भी कई बार शासन और विभाग से पत्राचार किया गया है। विभागीय स्तर पर इन विषयों के सृजन की आवश्यकता को स्वीकार तो किया गया, लेकिन शासन स्तर पर फाइलें अब भी धूल फांक रही हैं। कोई ठोस कार्रवाई न होने से छात्रों का भविष्य अधर में लटका है।

2026-27 सत्र का अल्टीमेटम

अभिभावक संघ के अध्यक्ष गिरवीर सिंह रावत और छात्र संघ अध्यक्ष गोविंद सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि शैक्षिक सत्र 2026–27 से इन विषयों का संचालन शुरू नहीं हुआ, तो क्षेत्र की जनता, छात्र और अभिभावक उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

ज्ञापन सौंपने वालों में जसपाल, पंकज, ऋतिक चुनार, अंकित, प्रदीप सहित कई अभिभावक और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button