
जन एक्सप्रेस/नई टिहरी: उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार, 15 मार्च 2026 को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के कार्यकारी अध्यक्ष देवेन्द्र नौडियाल ने की। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राज्य आंदोलनकारी मंच का जिला सम्मेलन आगामी 5 अप्रैल 2026 (रविवार) को आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन के लिए प्रस्तावित स्थान सामुदायिक मिलन केंद्र, बौराड़ी रखा गया है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई और सम्मेलन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी करने का निर्णय लिया।
मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जनपद के सभी राज्य आंदोलनकारियों से संपर्क किया जाएगा और उन्हें सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक आंदोलनकारी सम्मेलन में भाग ले सकें।
बैठक में निर्माणाधीन शहीद स्मारक के विषय पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा पूर्व में आयोजित बैठकों में जिन अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार किया गया था, उन्हें भी इस बैठक में उठाया गया। इन सभी विषयों को लेकर मंच के पदाधिकारी जल्द ही आपसी विचार-विमर्श कर जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे और समस्याओं के समाधान की मांग करेंगे।
इस दौरान आंदोलनकारियों ने सरकार के प्रति नाराजगी भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पूर्व में राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाने की घोषणा की गई थी और इसका शासनादेश भी जारी हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद कई आंदोलनकारियों को अब तक बढ़ी हुई पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति पर आंदोलनकारियों ने गहरा रोष जताया और इसे जल्द से जल्द लागू कराने की मांग की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मुद्दे को लेकर जल्द ही प्रशासन से वार्ता की जाएगी और राज्य आंदोलनकारियों को उनका हक दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।






