
जन एक्सप्रेस /किच्छा :- मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलभट्टा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो 20 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को सितारगंज रोड स्थित किच्छा हाईवे के पास संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और वस्तुओं की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली। आरोपियों की पहचान शिवम शर्मा पुत्र जगदीश शर्मा और प्रदीप कुमार पुत्र महेश प्रकाश दोनों निवासी बंडिया भट्टा किच्छा के रूप में हुई है।
तलाशी में शिवम के कब्जे से 607 ग्राम और प्रदीप के कब्जे से 416 ग्राम चरस बरामद हुई। दोनों के खिलाफ थाना पुलभट्टा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धीरज वर्मा, कांस्टेबल मानवेंद्र धोनी, विजय और दीपचंद लोहनी शामिल रहे।






