
पुरोला संवाददाता :- सचिन
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- बर्फिया लाल जुवांठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पुरोला में विकसित भारत-2047 की परिकल्पना पर आधारित डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 19 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में विकसित भारत की संकल्पना, राष्ट्र निर्माण, नवाचार, तकनीकी विकास, आत्मनिर्भरता तथा सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतिभागियों ने डिजिटल पोस्टरों के माध्यम से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर, सशक्त एवं समृद्ध राष्ट्र बनाने की परिकल्पना को आकर्षक एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा अनीला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीए पंचम सेमेस्टर की ज्योति द्वितीय तथा बीए प्रथम सेमेस्टर की जिया असवाल तृतीय स्थान पर रहीं।
महाविद्यालय प्रशासन ने विजेता छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। प्रतियोगिता संयोजक डॉ. विशाल कुमार शर्मा व सदस्य रमेश चन्द्र रडवाल ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, डिजिटल कौशल तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी, नवाचार और सकारात्मक योगदान से ही साकार किया जा सकता है।






