मंत्री सिंघल ने गुवाहाटी में बाहिनी नदी के किनारे अतिक्रमित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

गुवाहाटी । असम के आवास एवं शहरी मामलों और सिंचाई मंत्री अशोक सिंघल ने आज (मंगलवार) गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) और आवास एवं शहरी मामलों के विभाग के शीर्ष अधिकारियों के साथ गुवाहाटी में बहने वाली बाहिनी नदी के किनारे के कई इलाकों का दौरा किया और ‘मिशन फ्लड फ्री गुवाहाटी’ के तहत लागू विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। साथ ही बहिनी नदी के किनारे अतिक्रमित क्षेत्रों का भी दौरा किया।
राधागोबिंद बरुवा रोड पर जोनाली प्वाइंट के पास बाहिनी नदी के पुल से शुरू हुए दौरे में मंत्री ने चिड़ियाघर, सुंदरपुर, राजधानी नर्सरी, लक्ष्मीनगर, नयनपुर, हेंगराबाड़ी, दिसपुर रोटरी, डाउन टाउन, रुक्मिणीगांव पिबको प्वाइंट आदि विभिन्न क्षेत्रों में बाहिनी नदी के दोनों किनारों पर अतिक्रमण का जायजा लिया।
कुछ इलाकों में अवैध रूप से दीवार, घर आदि का निर्माण कर नदी के बहाव को बाधित करने वालों और इसके लिए अनुमति देने वाले जीएमसी के अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने का मंत्री सिंघल ने निर्देश दिया। उन्होंने इस बात पर खेद व्यक्त करते हुए कि शहर के नागरिकों के एक वर्ग की विचारशून्य गतिविधियों के कारण बाहिनी नदी का क्षेत्र असीमित कचरे, प्लास्टिक की बोतलों, पॉलीथिन आदि से भर गया है और संकरे मार्ग के कारण नदी मृतप्राय हो गई है। उन्होंने कहा कि यदि बाहिनी, भरलू आदि नदियों की जल वहन क्षमता को सामान्य स्थिति में वापस नहीं लाया गया तो गुवाहाटी को कृत्रिम बाढ़ से मुक्त बनाना संभव नहीं होगा। इसलिए उन्होंने शहरवासियों से इस संबंध में जागरूकता और संवेदनशीलता दिखाने का आग्रह किया।






