utrakhandपिथौरागढ़

मुनस्यारी स्वास्थ्य शिविर: तीन दिन में सैकड़ों मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज, अंतिम दिन 584 मरीजों का उपचार

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में 22 से 24 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुक्रवार को सफल समापन हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में आयोजित इस शिविर के अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श, जांच और उपचार का लाभ उठाया।

अंतिम दिन आयोजित सामान्य ओपीडी में 584 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 261 पुरुष और 323 महिलाएं शामिल रहीं। वहीं 62 गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड जांच भी की गई।

शिविर में फिजिशियन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, बाल रोग, दंत चिकित्सा तथा ईएनटी सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। एनसीडी जांच के दौरान पांच संभावित उच्च रक्तचाप और सात संभावित मधुमेह रोगियों की पहचान की गई। वहीं टीबी स्क्रीनिंग के दौरान पांच लाभार्थियों को निक्षय मित्र कार्यक्रम से जोड़ा गया।

स्वास्थ्य शिविर में 27 रक्त जांच, 17 एक्स-रे, पांच ईसीजी, 42 आभा आईडी तथा 10 आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण किया गया तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के अंतर्गत आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के समापन अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. गौरव कुमार ने जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र की जनता का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में इस प्रकार के बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने बताया कि शिविर के सफल संचालन में नोडल अधिकारी डॉ. राशिद खान, डॉ. नलिनी पांगती सहित चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, एनएचएम टीम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button