14 मार्च को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफलतापूर्वक आयोजित कराने के लिए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 14 मार्च 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कराया जाए, जिससे आम जनता को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बैंक, विद्युत, परिवहन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लोगों को कम समय और कम खर्च में न्याय मिलता है, इसलिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और अधिक से अधिक मामलों का निपटारा सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






