अपराधदेशबहराइच

नेपाल पुलिस ने बाघ की खाल व हड्डियों सहित चार को दबोचा 

तस्करी कर भारत में बेचने की फिराक में थे आरोपी

जन एक्सप्रेस/संवाददाता 

रुपईडीहा, बहराइच। भारतीय सीमा से लगे नेपाल के बांके जिले की पुलिस ने बाघ तथा बाघ की हड्डियों के साथ 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आशंका जताई जा रही है कि यह लोग वन्यजीव तस्कर हैं और खाल तथा हड्डियों को बेचने भारत ले जा रहे थे। इनके पास से बाघ की एक खाल और करीब पौने 7 किलोग्राम हड्डियां बरामद की गई हैं।

बांके पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मादक पदार्थ, भारत से नेपाल सामानों की तस्करी, देह व्यापार, जानवरों की खालों की तस्करी को रोकने के लिए जगह जगह पुलिस की टीम को सादे पोशाक में तैनात कर दी गई है। इसी के दौरान कई मादक पदार्थ तस्कर व देह व्यापार में संलिप्त लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया है।

चित्र परिचय: नेपाल पुलिस बरामद बाघ की खाल व हड्डियां

क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय कोहलपुर के डीएसपी सुंदर तिवारी ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर जवानों के दल ने कोहलपुर वार्ड नं 11 हाम्रो बाजार में छापा मारकर नेपाली जिला दैलेख की भगवतीमाई गांव सभा वार्ड नं 5 निवासी 33 वर्षीय प्रवीण कुमार केसी, इसी जिले ठांटीकांध गांव सभा वार्ड नं 4 निवासी 30 वर्षीय सुनील चुनारा, अछाम जिले की पंचदेवल गांव सभा वार्ड नं 3 निवासी 36 वर्षीय लोकेंद्र शाही व जाजरकोट जिले की बारकोट गांव सभा वार्ड नं 3 निवासी 52 वर्षीय कर्ण बहादुर रोकाय को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से बाघ की खाल व 6 किलो 8 सौ 18 ग्राम हड्डियां बरामद की गई है।

इस संबंध में नेपालगंज स्थित वन डिवीजन कार्यालय बांके के रेंजर अजित कुमार कर्ण ने बताया कि खाल व हड्डियां वयस्क बाघ की हैं। खाल की लंबाई 9 फिट 8 इंच हैं। गले मे 2 गोलियां लगी हैं। हड्डियां कितने बाघों की हैं। इसके बारे में जांच की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button