गर्भवती गाय में फंसा नवजात बछड़ा, गोशाला में तड़पती गायों की तस्वीरें देख कांप उठेगी रूह
जन एक्सप्रेस/ जालौन: कदौरा ब्लॉक की गोशालाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। एनजीटी के निर्देश और प्रशासनिक दखल के बावजूद गोवंशों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। शनिवार को मटरा गांव स्थित गोशाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें गोशाला की दुर्दशा साफ देखी जा सकती है। वीडियो में एक अदखाया गोवंश का शव पॉलीथिन से ढका हुआ था, जबकि अन्य गोवंश गंदगी और कीचड़ में बैठे नजर आए। कई बीमार गोवंश भी यहां-वहां पड़े दिखे। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो के वीभत्स दृश्यों ने प्रशासन की पोल खोल दी। डीएम राजेश कुमार पांडेय के निर्देश पर एसडीएम सुशील कुमार सिंह और एडीओ पंचायत संतोष बाबू गौतम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। डीएम ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
लगातार वायरल हो रहे वीडियो, लेकिन कार्रवाई शून्य
यह पहली बार नहीं है जब कदौरा ब्लॉक की गोशालाओं की दुर्दशा सामने आई हो। इससे पहले भी 23 नवंबर को मवई ब्राह्मण, कुरहना आलमगीर, खुटमिली और कर्मचंदपुर गोशालाओं के वीडियो वायरल हुए थे। उन वीडियो में भी गोवंश की दुर्दशा, गंदगी और प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई थी। डीएम ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे, लेकिन अधिकारियों ने मामले को दबाने की कोशिश की। ग्रामीणों का कहना है कि निरीक्षण के नाम पर केवल खानापूर्ति होती है और जमीनी हालात जस के तस बने रहते हैं।
ठंड और लापरवाही बनी गोवंश के मौत का कारण
ठंड के मौसम में गोवंशों की देखभाल की अनदेखी उनकी मौत का बड़ा कारण बन रही है। मटरा गोशाला का हाल इस बात का उदाहरण है। गोशाला में बुनियादी सुविधाओं की कमी और गंदगी से बीमार गोवंश की संख्या बढ़ रही है। गर्भवती गायों और नवजात बछड़ों को भी उचित देखभाल नहीं मिल पा रही। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गोशालाओं की स्थिति सुधारने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
फोटो परिचय:
1..मटरा गोशाला के वायरल वीडियो का स्क्रीन शॉट में अद खाया गोवंश का शव

2. गोशाला में घायल गोवंश

3.. गोशाला में गंदगी और कीचड़ में बीमार पड़े गोवंश

4..कीचड़ में लिपटा गोवंश

5.. गर्भवती गाय में फंसा नवजात बछड़ा







