बिहार

विपक्षी एकजुटता के साथ बैठक होने के बाद पूरे देश का करेंगे दौरा: नीतीश कुमार

पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली से लौटने के बाद पूरे तेवर में नजर आ रहे है। वह भाजपा पर हमलावर है। शुक्रवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की 132 वीं जयंती पर जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लोगों से भाजपा को वोट न देने की अपील खुलकर की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोगों को वोट देंगे तो अपना नाश कर लेंगे। आप समझ लीजिए। इन लोगों के खिलाफ वोट देंगे तो अपना भी विकास होगा। राज्य और देश का भी।

केन्द्र की भाजपा सरकार के काम पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि भाजपा के लोग तो खाली भाषण देते हैं। कोई काम नहीं करते। केंद्र को कह रहे थे कि हमें विशेष राज्य का दर्जा दो लेकिन नहीं ना दे रहा है। हम लोग तो अपने ढंग से काम कर रहे हैं। दिल्ली में बैठे लोग इतिहास बदलने में लगे हैं। पुरानी चीजों खत्म करते चले जा रहे हैं। उनको आजादी की लड़ाई से मतलब था? कोई मतलब नहीं था। आजकल कुछ-कुछ बोलते हैं।

उन्होंने कहा कि यह लोग विपक्षी लोगों को परेशान करते हैं। विभिन्न राज्यों के लोगों को परेशान करने में लगे हैं। भाजपा वाले ऐसे ही लोग हैं।अब तो हम लग गए हैं। 7 महीना पहले भी हमने विपक्षी पार्टियों से बात की थी। आप लोगों को बता देते हैं…परसों ही बात हुई है। सब लोगों से बात हो गई है। सब लोग तैयार हैं। बहुत जल्दी ज्यादा से ज्यादा पार्टियां एकजुट होंगी। कांग्रेस पार्टी के साथ बातचीत हो गई है। सब सहमत हो गए हैं। सब लोगों की सहमति के बाद कल सीपीआई-सीपीएम से भी बात हो गई है। सब लोग एक दूसरे से बात करेंगे। हमारा उद्देश्य यही है कि जितने लोग एक साथ हो जाएंगे वे एक साथ बैठेंगे। क्या करना है वह तय करना है। कहां कौन कितनी सीटों पर लड़ेंगे तय कर लेना है। इसके बाद पूरे देश का दौरा करेंगे। 7 महीना पहले तो हमको बहुत अच्छा लगा, फिर रुका हुआ था। बात अब आगे बढ़ने लगी है।

अटल बिहार भाजपाई की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी की भाजपा में अलग ही बात थी। अटल जी हम को कितना मानते थे। उस समय भाजपा क्या थी अब क्या है। आज सिर्फ दो लोगों की बात हो रही है। अब भाजपा में सिर्फ दो लोगों की ही चलती है और ये लोग अपने पार्टी के पहले वाले नेता (अटलजी) को भी नहीं मान रहे।कार्यकर्ताओं की ओर से कार्यक्रम में देश का पीएम कैसा हो..नीतीश कुमार जैसा हो के नारे को रोकते हुए उन्होंने कहा ”मेरे बारे में मत नारा लगाइए। हम घूम रहे हैं तो हम ही बनेंगे यह मत बोलिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button