योगी सरकार के छह साल पूरे होने पर प्रभारी मंत्री ने गिनाई उपलब्धियां

-हमीरपुर की दोनों विधानसभाओं के विकास की पुस्तिका का किया विमोचन
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के छह साल पूरे होने पर शनिवार को यहां प्रभारी मंत्री मनोहर लाल ने उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सपा शासन काल में गुंडाराज कायम था लेकिन योगी सरकार में गुंडागर्दी पूरी तरह से खत्म हो गयी है। उन्होंने हमीरपुर जिले की दोनों विधानसभाओं के विकास सम्बन्धी पुस्तिका का विमोचन भी किया।
कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में आयोजित प्रेस वार्ता में श्रम, सेवायोजन राज्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री मनोहर लाल ने योगी सरकार के छह साल पूरे होने पर खुशी जताते कहा कि यह सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। कोरोना संक्रमण काल में भी लाखों गरीबों को राशन देकर बड़ा काम सरकार ने किया है। कहा कि डबल इंजन की सरकार ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों व अंतिम छोर में बैठे व्यक्ति को भी विभिन्न योजनाओं के जरिए लाभान्वित किया गया। मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। सरकार द्वारा मुफ्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की व्यवस्था की गई है ,शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को भोजन/ मिड डे मील, मुफ्त किताबें, ड्रेस आदि भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गरीब व कमजोर वर्ग के लोगों के लिए अनेक योजनाएं संचालित है। प्रदेश सरकार द्वारा कमजोर वर्ग के लोगों को उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय राशन आदि उपलब्ध कराया जा रहा है तथा अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जा रहा है। मंत्री ने हमीरपुर और राठ विधानसभा के विकास पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया।
इस मौके पर प्रदेश स्तर पर सीएम की प्रेस वार्ता का सजीव प्रसारण भी देखा गया। साथ ही छह वर्ष पूरे होने पर विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी देखी गई। इस मौके पर अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती जयंती राजपूत, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, विधायक सदर डॉ मनोज कुमार प्रजापति, विधायक राठ मनीषा अनुरागी, जिलाधिकारी डॉ चंद्रभूषण, पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रमेशचंद्र, एडीएम न्यायिक डॉ नागेंद्र नाथ यादव, एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार यादव, बीजेपी जिलाध्यक्ष बृज किशोर गुप्ता, जिला विकास अधिकारी विकास ,पीडी साधना दीक्षित मौजूद रहे।






