तरंग” कार्यक्रम के तहत संप्रेक्षण गृह किशोर, चित्रकूट में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन
बालकों ने नृत्य, नाटक और गीतों के माध्यम से दिखाई अपनी प्रतिभा

जन एक्सप्रेस चित्रकूट। “तरंग – Conclave on Justice for Children” के अंतर्गत राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर, कर्वी चित्रकूट में विविध सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम में बालकों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सामूहिक नृत्य, नाटक/स्किट और सामूहिक गीत प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने लोकनृत्य, देशभक्ति और मनोरंजन से भरपूर प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं।नाटक एवं स्किट प्रतियोगिता में बालकों ने महान पुरुषों के जीवन से प्रेरित प्रसंगों का भावपूर्ण अभिनय प्रस्तुत किया। वहीं सामूहिक गीत प्रतियोगिता में राष्ट्रप्रेम, पर्यावरण संरक्षण और बाल अधिकारों पर आधारित गीतों से वातावरण को प्रेरणादायक बना दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक अधीक्षक वीर सिंह ने की। इस अवसर पर सह-परिवीक्षा अधिकारी अंजना पोडवाल, सदस्य किशोर न्याय बोर्ड अर्चना श्रीवास्तव एवं शिवशंकर त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही।अतिथियों ने बालकों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का संचालन संगीत प्रशिक्षक मूलचंद द्वारा किया गया, जिनके मार्गदर्शन में बालकों ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियाँ दीं।






