उत्तर प्रदेशचित्रकूटराज्य खबरें

सतना-मानिकपुर रेल खंड में कपलिंग टूटने से मचा हड़कंप

जन एक्सप्रेस/ चित्रकूट : सतना–मानिकपुर रेलखंड के मझगवां और ठिकरिया स्टेशन के बीच रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। एलटीटी मुंबई से भागलपुर जा रही एलटीटी–भागलपुर एक्सप्रेस (12336) की तीन बोगियां चलती ट्रेन से अलग हो गईं। यह घटना रात 2:54 बजे हुई, जब ट्रेन कासन पर करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजर रही थी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, एस-1 कोच की कपलिंग टूटने से उसके साथ जुड़ी जनरल बोगी और गार्ड यान ट्रेन से अलग हो गए। गनीमत रही कि ट्रेन की रफ्तार धीमी थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

रेलवे अफसर और टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही एरिया मैनेजर नरेश सिंह, स्टेशन मास्टर अब्दुल मतीन, कमर्शियल व सीएनडब्ल्यू स्टाफ, आरपीएफ और जीआरपी टीम के साथ टेक्निकल एक्सपर्ट तुरंत मौके पर पहुंचे। ट्रैक को सुरक्षित करने और बोगियों को जोड़ने का काम रातभर जारी रहा।

एस-1 कोच किया गया अलग, यात्रियों को दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया
तकनीकी जांच के बाद एस-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया, जबकि उसमें सवार यात्रियों को अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया गया। बाकी दो जनरल बोगियों को फिर से जोड़ा गया और ट्रैक को सुरक्षित घोषित करने के बाद ट्रेन को सुबह 7 बजे दोबारा रवाना किया गया।

बड़ी राहत—किसी यात्री को चोट नहीं
रेलवे सूत्रों ने बताया कि इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button