उत्तर प्रदेशचित्रकूट

रामघाट पर दीपों की अलौकिक छटा, दीपदान कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

दीपावली पर राम की तपोभूमि चित्रकूट में भव्य दीपोत्सव, प्रशासनिक अधिकारियों ने की पूजा-अर्चना और दीपदान

जन एक्सप्रेस चित्रकूट(हेमनारायण हेमू): भगवान श्रीराम की पावन तपोभूमि चित्रकूट के रामघाट पर दीपावली के पावन अवसर पर दीपों की जगमगाहट से पूरा घाट दिव्य आभा से आलोकित हो उठा। इस अवसर पर भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के शीर्ष प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भाग लेकर इस पावन पर्व को गरिमा प्रदान की।जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह तथा जिलाधिकारी की धर्मपत्नी एवं चिकित्सा अधिकारी टी. आर. तनुषा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया और मंदाकिनी नदी में दीपदान किया। घाट पर उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं ने भी दीपदान कर भगवान राम को स्मरण किया और रोशनी के पर्व का उल्लास मनाया।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश की, असत्य पर सत्य की, और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। साथ ही सभी नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण करने और सौहार्दपूर्वक पर्व मनाने की अपील की।रामघाट पर दीपों की आभा से संपूर्ण परिसर स्वर्गिक प्रकाश में नहाया नजर आया। दीपों की कतारें, जलती हुई बातियाँ और मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो गया।इसके पश्चात जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मियों को निर्देश दिए कि वे पूरी मुस्तैदी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।दीपावली अमावस्या मेला के अवसर पर रामघाट से लगे बरहा हनुमान जी परिक्रमा मार्ग पर अधिकारियों द्वारा प्रसाद वितरण भी किया गया।इस भव्य आयोजन में अपर उप जिलाधिकारी अजय यादव, उप जिलाधिकारी न्यायिक मानिकपुर पूजा गुप्ता एवं नगर पालिका परिषद कर्वी के अध्यक्ष लालजी यादव भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button