उत्तर प्रदेशमहराजगंज

बाल श्रम के खिलाफ सड़कों पर उतरा जनसैलाब, ठूठीबारी में निकली जागरूकता रैली

जन एक्सप्रेस / महराजगंज :  विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को ठूठीबारी में बाल श्रम उन्मूलन और बच्चों के शिक्षा के अधिकार के समर्थन में एक विशाल जन-जागरूकता रैली निकाली गई। मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), कोतवाली पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

रैली का शुभारंभ 22वीं वाहिनी एसएसबी कैंप से सहायक कमांडेंट संदीप सिंह एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश पांडे द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इसके बाद रैली बाजार क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकली।

इस दौरान प्रतिभागियों ने “बाल श्रम है अभिशाप”, “शिक्षा है बच्चों का अधिकार”, “बचपन बचाओ, बाल श्रम मिटाओ” और “कलम पकड़ेंगे नन्हे हाथ, तभी बनेगा देश महान” जैसे नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बाल श्रम केवल एक सामाजिक बुराई नहीं है, बल्कि यह बच्चों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। हर बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के साथ बेहतर भविष्य पाने का अधिकार है। समाज के सभी वर्गों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी बच्चा मजदूरी के लिए मजबूर न हो।

यह कार्यक्रम मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ के डायरेक्टर के निर्देशन और क्लस्टर हेड वरुण मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसमें संस्था की कार्यकर्ता अंजली मिश्रा, नेहा गौतम, प्रियंका गोस्वामी और स्वामी विवेकानंद इंटरमीडिएट कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय भूमिका निभाई।

रैली के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण, हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

यह आयोजन समाज में बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button