उत्तराखंड

चारधाम यात्रा के बेहतर संचालन के लिये पीएमओ कर रहा निगरानी

देहरादून । चारधाम यात्रा के सफल और सुखद संचालन के लिए पीएमओ कार्यालय की नजर है। इसी के तहत केन्द्र सरकार के अधिकारी यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं।

मंगलवार को डीएमएमसी सभागार सचिवालय में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास रंजीत सिन्हा ने एनडीएमए भारत सरकार से आए राजेंद्र सिंघल की उपस्थिति में चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए एक समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने तीर्थ यात्रा को और बेहतर और सुगम बनाने के लिए विभागीय अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि पिछले यात्रा अनुभवों के बाद राज्य ने व्यवस्थाओं में काफी अच्छे परिवर्तन किये हैं, जिनको पीएम कार्यालय ने काफी नजदीक से मॉनिटरिंग किया। इस बार भी हम सभी को संयुक्त प्रयास करने हैं कि यात्रा पहले से और अधिक सफल और सुखद ढंग से सम्पन्न हो। यात्रा साल दर साल बेहतर रूप से संचालित हो। चारधाम यात्रा पर पीएमओ द्वारा भी समय समय पर संज्ञान लिया जा रहा है।

उन्होंने मार्गों की स्थिति, परिवहन व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविरों, पुलिस चैक पोस्ट, यात्री रजिस्ट्रेशन केंद्रों द्वारा किये जा रहे कार्यों को यात्रियों की सुगमता और श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को दृष्टिगत रखते हुए योजनाबद्ध ढंग से किये जाने को कहा है।

उन्होंने कहा कि मंदिर परिक्षेत्र से पहले ही श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन के उपाय किये जायें, ताकि मंदिर परिसरों में शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन चलते रहें। उन्होंने लाइन डिपार्टमेंट के लिए एस.ओ.पी के आधार पर दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हेली सेवाओं के लिए भी एसओपी को जन सामान्य तक प्रचारित करने पर जोर दिया।

स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य, टूरिज्म विभाग तथा पुलिस प्रशासन सुरक्षा बलों एवं पैरामिलिट्री फोर्सेज के बीच आपसी समन्वय बनाते हुए कार्य करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। मौसम विभाग को भी अति सक्रिय रहते हुए समय पर पूर्व चेतावनी व संदेश भेजने के कार्यों को भी यात्रा और मानसून के लिए जरूरी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button