उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बरगदवा थाने का किया अर्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: महराजगंज पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम ने मंगलवार को थाना बरगदवा का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों तथा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान रजिस्टर मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, आवासीय भवन, भोजनालय और थाना परिसर के अन्य व्यवस्थापन बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया गया।
क्षेत्राधिकारी ने महिला हेल्प डेस्क पर प्राप्त जनशिकायतों का अवलोकन करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला संबंधी मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मालखाना रजिस्टर की प्रविष्टियों का मिलान करते हुए संरक्षण एवं रखरखाव की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही सुधार योग्य बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। आवासीय भवन एवं भोजनालय के निरीक्षण में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने पर बल दिया गया।
थाना परिसर की समग्र स्थिति की समीक्षा के बाद क्षेत्राधिकारी ने विभिन्न दायित्वों का निर्वहन और जनता से जुड़े कार्यों में पुलिसकर्मियों को सतर्क, संवेदनशील एवं उत्तरदायी रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए अनुशासन और पारदर्शिता अनिवार्य है। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button