सलाखों में बन्द ब्लाक प्रमुख पर पुलिस ने कसा शिकंजा, गैंगस्टर की कार्रवाई
ब्लाक प्रमुख समेत 10 के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़:जिले के विकासखण्ड बेलखरनाथ धाम के ब्लाक प्रमुख सुशील सिंह समेत दस लोगों के विरुद्ध पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। हालांकि सुशील सिंह समेत सात लोग इस समय जिला कारागार में बंद है। पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपियों और उनके करीबियों में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि ब्लाक प्रमुख सुशील सिंह उस समय चर्चा में आये जब बीते जुलाई माह में रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर सड़क पर दिनदहाड़े अपनी पिस्टल से फायरिंग की थी। जिसमें गोली लगने से दो सगे भाई घायल हो गए थे। घटना का सीसीटीवी फुटेज ( वीडियो ) भी सामने आया था। साथ ही सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी वायरल हुए थे। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सुशील सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी मामले में कार बरामद करने के लिए पुलिस ने उसे 48 घंटे की रिमांड पर लिया था। इसी दौरान घर के पास बने मैरिज हॉल के सामने जमीन के गड्ढे में छिपाए गए 34.10 ग्राम एमडी ड्रग्स भी बरामद हुआ था। पुलिस के अनुसार सुशील सिंह ड्रग्स का भी अवैध कारोबार करता था। वह प्रतापगढ़ समेत आसपास के जिलों में MD की सप्लाई करता था। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे दोबारा जेल भेज दिया गया। जुलाई में फायरिंग की घटना से पहले उस पर कुछ ही केस दर्ज थे। लेकिन उसके बाद कई मुकदमे दर्ज हुए। जिसे देखते हुए पुलिस उसके विरुद्ध गैंगस्टर की कार्रवाई की तैयारी में थी। उसी क्रम में बुधवार को पट्टी कोतवाली पुलिस द्वारा सुशील सिंह समेत दस के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर अभिषेक सिरोही ने बताया कि आरोपियों में सात जेल में बन्द हैं एक आरोपी ने स्टे लिया है बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।






