चारबाग में खुलेआम चल रहा देह व्यापार और लूटपाट: यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
500 से 1000 रुपये में चल रहा देह व्यापार

हेम नारायण द्विवेदी/ अरुण चौरसिया
जन एक्सप्रेस/ लखनऊ: राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर रात के समय यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आधी रात को स्टेशन के बाहर खुलेआम देह व्यापार और लूटपाट का सिलसिला जारी है। जन एक्सप्रेस की टीम ने रविवार रात 12 बजे जब मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की, तो हैरान करने वाले तथ्य सामने आए। नकाब पहने लड़कियां, किन्नरों के भेष में, यात्रियों को बहला-फुसलाकर देह व्यापार में फंसाती हैं। इस दौरान ऑटो चालकों और होटल मैनेजरों की मिलीभगत भी उजागर हुई।
लूटपाट के शिकार हो रहे यात्री
देह व्यापार के साथ-साथ ये फर्जी किन्नर यात्रियों से लूटपाट भी करते हैं। उरई जिले से आए यात्री रंजीत कुमार यादव ने जन एक्सप्रेस को बताया कि कुछ लोगों ने उनका मोबाइल और सामान छीन लिया। यह घटना वहां मौजूद पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता को उजागर करती है। यात्री खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और स्टेशन परिसर में अपराधियों का बोलबाला है।

जन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, यह गंदा धंधा 500 से 1000 रुपये में होता है, जिसमें ऑटो चालकों से लेकर होटल प्रबंधकों तक का कमीशन बंधा हुआ है। यह सब राजधानी लखनऊ में हो रहा है, जो न केवल योगी सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि प्रशासन की लापरवाही भी दिखाता है।
यात्रियों के लिए खतरनाक है रात का सफर
चारबाग रेलवे स्टेशन पर रात में सफर करना यात्रियों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। नकाब पहने महिलाएं और फर्जी किन्नर यात्रियों को प्रलोभन देकर सुनसान जगहों पर ले जाते हैं, जहां उनका सामान छीन लिया जाता है और कई बार उनके साथ मारपीट भी की जाती है। कई यात्रियों ने इस तरह की घटनाओं का जिक्र किया, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
प्रशासन की निष्क्रियता पर उठे सवाल
यह पहली बार नहीं है कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं। यात्रियों का कहना है कि यहां रोज नई घटनाएं होती हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना रहता है। सवाल यह है कि क्या योगी सरकार और प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कोई ठोस कदम उठाएंगे, या फिर यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही रहेगी? राजधानी में हो रही इन घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।