उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

सुशासन सप्ताह में प्रशासन का त्वरित एक्शन,डीएम ने 10 मिनट में दिलाया जन्म प्रमाण पत्र

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म शताब्दी वर्ष के समापन अवसर पर 19 से 25 दिसंबर 2025 तक मनाए जा रहे सुशासन सप्ताह के तहत जनपद में लोक शिकायतों के त्वरित निस्तारण की प्रभावी मिसाल देखने को मिली। इसी क्रम में तहसील केराकत सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की सक्रियता से वर्षों से लंबित मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। कार्यक्रम में सबसे उल्लेखनीय प्रकरण वह रहा, जिसमें वर्षों से लंबित जन्म प्रमाण पत्र की शिकायत का समाधान जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से महज दस मिनट में कर दिया गया।
मंगल पुत्र विनोद एवं वंशराज पुत्र सीताराम द्वारा जन्म प्रमाण पत्र निर्गत न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वहीं ग्राम परमानन्दपुर निवासी दिलशाद अहमद ने ग्राम प्रधान द्वारा खड़ंजा उखड़वाने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी, केराकत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि पैमाइश से संबंधित प्रकरण में राकेश यादव की शिकायत पर उपजिलाधिकारी को नियमानुसार पैमाइश कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
वर्षों से लंबित वरासत प्रकरण का भी मौके पर समाधान करते हुए रसूलपुर झनिया निवासी इंदु प्रकाश के नाम में हुई त्रुटि को सुधारते हुए वरासत में नाम दर्ज कराया गया। इसी प्रकार चनवता एवं बृजलाल द्वारा खतौनी में नाम की त्रुटि की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश से संशोधित नाम के साथ खतौनी मात्र दस मिनट में उपलब्ध करा दी गई।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि गुड गवर्नेंस के अंतर्गत ऑनलाइन सर्विस डिलीवरी को प्रभावी बनाना शासन की प्राथमिकता है। आधार कार्ड के आधार पर नाम संशोधन एवं प्रमाण पत्र निर्गत करने में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए, जिससे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।
इस अवसर पर कुल 202 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में तहसील सदर में पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, तथा तहसील बदलापुर में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट की उपस्थिति में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनपद की अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित कर जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया को गति दी गई।
कार्यक्रम में जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button