
जन एक्सप्रेस/पुरोला: पुरोला विकासखण्ड के कंडियाल गांव में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में बुद्धवार को वार्षिकोत्सव व पुरातन छात्रा सम्मेलन बड़ी धूम धाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि रमेश चौहान ने दीप प्रज्वलित कर किया। वार्षिकोत्सव में आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं ने सरस्वती बंदना के साथ स्वागत गीत से अतिथियों का स्वागत किया। बालिका विद्यालय में आयोजित वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने पारम्परिक वेशभूषा के साथ रंवाई की संस्कृति सहित जौनसार, बावर,जौनपुर,गढ़वाली व देशभक्ति गीतों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरी।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने कन्या भ्रूण हत्या,बाल विवाह,दहेज प्रथा, महिला उत्पीड़न, आदि सामाजिक बुराइयों पर नाटक की प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज के हर व्यक्ति को सजग रहकर नारी शक्ति के साथ खड़ा रहने का संदेश दिया वंही पर्यावरण संरक्षण,जल-जंगल व वन्य जीव संरक्षण को लेकर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियों से दर्शकों को संदेश दिया। वंही विद्यालय की पुरातन छात्राओं ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए अध्ययनरत छात्राओं को संस्कारित होकर अपने जीवन को सफल बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने छात्राओं के कार्यक्रम की सराहना करते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय विधालयो को गरीब ग्रामीणों की बालिकाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आवासीय विद्यालयों में आज बालिकाओं के स्वास्थ व शिक्षा की दिशा में सरकार महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यालय मे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय को हर सम्भव मदद को आश्वस्त किया। कार्यक्रम में खण्ड शिक्षाधिकारी पूजा नेगी सहित वार्डन आशा भवानी लोकेंद्र कंडियाल,प्रधान किरण ज़्याडा,धीरेंद्र कंडियाल, सुष्मिता रमोला,ओमप्रकाश नौडियाल,शिक्षक संगठन के विनोद रतूड़ी, त्रेपन रावत, दलवीर रावत,सुरेंद्र चौहान,वीरेंद्र पायल,रोशन गडोहि आदि शिक्षक,अभिभावक व छात्राएं तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।







