:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

मड़ियाहूं में नामित सभासदों पर बवाल, कार्यकर्ताओं में नाराजगी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: मड़ियाहूं में नामित सभासदों की घोषणा के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। नगर पंचायत में हाल ही में घोषित नामों को लेकर विभिन्न वर्गों में चर्चा और असंतोष दोनों देखने को मिल रहा है। कई स्थानीय कार्यकर्ताओं और नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने वाले जमीनी नेताओं को इस बार नजरअंदाज कर दिया गया, जबकि कुछ ऐसे चेहरों को अवसर मिला है जो पहले राजनीति में ज्यादा सक्रिय नहीं रहे।

इसी क्रम में विनोद मौर्य को नामित सभासद बनाए जाने के बाद जहां एक ओर अपना दल पार्टी कार्यालय में उनका स्वागत किया गया, वहीं नगर में इस निर्णय को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे व्यक्तियों को जिम्मेदारी देना, जो अब तक क्षेत्रीय मुद्दों में सक्रिय रूप से नजर नहीं आए, कई सवाल खड़े करता है।

वहीं वार्ड नंबर 5 को लेकर भी स्थिति विवादित बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक प्रत्याशी को पहले पार्टी द्वारा टिकट देकर घोषित किया गया, लेकिन अगले ही दिन उसका नाम सूची से हटा दिया गया। बाद में संबंधित व्यक्ति को नामित सभासद बनाए जाने का आश्वासन दिया गया। इस घटनाक्रम ने पार्टी की आंतरिक प्रक्रिया और पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस फैसले से संगठन के भीतर असंतोष बढ़ सकता है और कई लोग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
फिलहाल यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि यह राजनीतिक विवाद आने वाले चुनावों में किस प्रकार असर डालता है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button