
जन एक्सप्रेस /हरिद्वार :- गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित गायत्री महायज्ञ में विशेष यज्ञाहुतियां अर्पित की गईं। यज्ञ के माध्यम से पर्यावरण शुद्धि, हरित आवरण के विस्तार और प्रकृति संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया।
शांतिकुंज की ब्रह्मवादिनी बहनों द्वारा संचालित इस महायज्ञ में प्रकृति के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और हरित वातावरण के निर्माण के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। संस्थान की ओर से बताया गया कि पर्यावरण जागरूकता का यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा।
श्रद्धालुओं को वितरित किए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधे
महायज्ञ के अवसर पर शांतिकुंज के उद्यान विभाग द्वारा आगंतुकों को छायादार, फलदार, औषधीय तथा अन्य उपयोगी प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया।
इस दौरान श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की गई। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया गया।
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
शांतिकुंज के प्रतिनिधियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य का आधार भी हैं। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।
शांतिकुंज द्वारा समय-समय पर वृक्षारोपण, पौध वितरण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य समाज में प्रकृति संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना है।
संवाददाता: चंद्रप्रकाश बहुगुणा






