उत्तर प्रदेश

बलिया में आधी रात हुआ नए पुल का ‘गुप्त उद्घाटन’, मंत्री दयाशंकर सिंह का फूटा गुस्सा

बिना हैंडओवर, बिना टेस्टिंग और बिना क्लियरेंस — आधी रात में चालू कर दिया गया पुल परिवहन मंत्री बोले: अधिकारियों ने बसपा विधायक के इशारे पर किया उद्घाटन

जन एक्सप्रेस बलिया (उत्तर प्रदेश): बलिया जिले में एनएच-31 (नेशनल हाईवे) पर बने एक नए पुल का उद्घाटन उस समय विवादों में घिर गया जब यह कार्य आधी रात को चुपचाप कर दिया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस उद्घाटन की न तो किसी को जानकारी थी, न हैंडओवर हुआ था, और न ही पुल की टेस्टिंग और सुरक्षा क्लियरेंस पूरी हुई थी। इस घटना के सामने आने के बाद यूपी के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और PWD विभाग के अधिकारियों पर जमकर भड़क गए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के दबाव में किया गया, ताकि राजनीतिक श्रेय उन्हें मिल सके और मंत्री को दरकिनार किया जा सके।

मंत्री सिंह ने कहा – “PWD अब बसपा के नेताओं के घर से चल रहा है। अफसर सरकार की नहीं, विधायकों की सुनते हैं। दोनों एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।” सिर्फ यही नहीं, मंत्री ने PWD के कई अन्य प्रोजेक्ट्स पर भी सवाल उठाए और कहा कि 2015 से जिन सड़कों और नालों के लिए भुगतान हो चुका है, वो आज तक पूरे नहीं हुए। उन्होंने इन प्रोजेक्ट्स में भी गड़बड़ी की आशंका जताई है। दयाशंकर सिंह ने यह स्पष्ट किया कि वे इस पूरे मामले की शिकायत सीधे शासन से करेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button