भीषण ठंड ने ली मुसाफिर की जान, प्लेटफार्म पर दो घंटे पड़ी रही लाश
सुल्तानपुर जंक्शन पर प्रशासनिक लापरवाही उजागर

जन एक्सप्रेस/सुल्तानपुर/लखनऊ।भीषण ठंड की चपेट में आकर एक अधेड़ मुसाफिर की दर्दनाक मौत हो गई। सुल्तानपुर जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या दो पर चेयर पर बैठे हालत में उसका शव मिलने से रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अधेड़ युवक लंबे समय तक प्लेटफार्म पर चेयर पर निष्क्रिय अवस्था में बैठा रहा। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो यात्रियों ने सूचना दी, जिसके बाद उसकी मौत की पुष्टि हुई।चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतक का शव करीब दो घंटे तक प्लेटफार्म पर ही पड़ा रहा। इस दौरान न तो समय पर एंबुलेंस पहुंची और न ही तत्काल कोई प्रशासनिक कार्रवाई होती दिखाई दी, जिससे अधिकारियों की संवेदनहीनता उजागर हुई।
आरपीएफ और जीआरपी में जिम्मेदारी को लेकर आरोप-प्रत्यारोप
मृतक को सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाने को लेकर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के बीच जिम्मेदारी तय करने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप चलता रहा। दोनों विभाग एक-दूसरे पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते नजर आए।
जीआरपी थानाध्यक्ष का बयान
इस मामले में जीआरपी थानाध्यक्ष ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल की टीम अधेड़ युवक को आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई है। हालांकि, देर से की गई कार्रवाई पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।यात्रियों में रोष, व्यवस्था पर उठे सवालघटना के बाद यात्रियों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों का कहना है कि ठंड के मौसम में स्टेशन पर बेसहारा और बीमार यात्रियों के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं है, जिससे ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।






