
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी : उत्तराखंड के पांचवें धाम के रूप में प्रसिद्ध सेम मुखेम धाम क्षेत्र में आगामी श्रीराम कथा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। भगवान नागराजा की पावन भूमि पर आयोजित होने वाली इस धार्मिक कथा को लेकर शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज कंडियाल में तीसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हुकम सिंह बिष्ट ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 25 जून से 29 जून 2026 तक कंडियाल गांव में 1008 जगद्गुरु गोविंदाचार्य महाराज के मुख से राम कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा को लेकर आज से गांव-गांव प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया गया है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु कार्यक्रम में भाग ले सकें।
बैठक के दौरान आयोजन समिति के संरक्षक मंडल एवं संयोजक मंडल का विस्तार किया गया। साथ ही प्रचार-प्रसार के लिए अलग टीम का गठन करते हुए आयोजन से जुड़ी विभिन्न जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उपली रमोली क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक एवं मातृशक्ति बड़ी संख्या में उपस्थित रही। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग देने का संकल्प लिया।
बैठक में जिला पंचायत सदस्य विजय रविंद्र पंवार, राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पंवार, गुलाब सिंह कंडियाल, लोकपाल सिंह कंडियाल, मुख्य यजमान गजेंद्र सिंह कंडियाल, निर्मला देवी, मेघ सिंह बिष्ट, अभिषेक फूल सिंह बिष्ट, नरेंद्र चमोली, राधाकृष्ण डिमरी, भगवान सिंह कलूड़ा, चंद्रकला देवी, अतर सिंह चौहान सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर राम कथा का श्रवण करें और धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं। बैठक के उपरांत भोजन प्रसादी की व्यवस्था जिला पंचायत सदस्य विजय रविंद्र पंवार की ओर से की गई, जबकि मातृशक्ति ने सेवा भाव से भोजन वितरण का कार्य संभाला।
धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से जुड़े इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजकों का कहना है कि कथा के माध्यम से समाज में धार्मिक चेतना, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा।





