नीतीश सरकार के खिलाफ भाजयुमो ने खोला मोर्चा, हस्ताक्षर अभियान की हुई शुरूआत

भागलपुर । भागलपुर जिला भाजयुमो के द्वारा दस लाख सरकारी नौकरी, शिक्षकों के मुद्दे और 13 जुलाई को हुए लाठीचार्ज को लेकर बुधवार को मनाली चौक पर नीतीश सरकार के अत्याचार की प्रदर्शनी लगाकर प्रतिकार किया गया। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार के द्वारा हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई।
इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश प्रवक्ता आलोक सिंह बंटू ने हस्ताक्षर अभियान करने के बाद कहा कि बिहार में कानून का राज खत्म हो गया है। अब यहां लाठी और गोली का राज कायम है। बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। इसका हिसाब मांगने पर सरकार लाठियों से पिटवाने का काम करती है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की निरंकुश और जनविरोधी सरकार के खिलाफ जिले में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत हुई है। बिहार सरकार की एक-एक लाठी का जबाव 2024 में बिहार की जनता बैलेट से देगी।
उल्लेखनीय हो कि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के भागलपुर इकाई के कार्यकर्ताओं ने नीतिश सरकार के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान के साथ ही मोर्चा खोल दिया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के आदेशानुसार पूरे बिहार में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के द्वारा दस लाख सरकारी नौकरी, शिक्षकों के मुद्दों और 13 जुलाई को पटना में विधानसभा घेराव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज को लेकर सभी जिला एवं मंडल के मुख्यालयों पर नीतिश कुमार की सरकार के अत्याचार का प्रदर्शनी लगाकर हस्ताक्षर अभियान प्रारंभ किया गया।