एकता की दावत में दिखा सामाजिक सौहार्द, रोज़ा इफ्तार में गूंजी देश की तरक्की की बात

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर,पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज में आयोजित भव्य रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम ने सामाजिक एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की। कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया।
इफ्तार से पहले रोज़ेदारों ने सामूहिक रूप से दुआएं कीं और मग़रिब की अज़ान के साथ रोज़ा खोला। इसके बाद देश में अमन, शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थनाएं की गईं। माहौल पूरी तरह भाईचारे और आपसी सौहार्द से सराबोर नजर आया, जहां सभी ने एक-दूसरे को रमज़ान की बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री शैलेन्द्र यादव ‘ललई’ ने रमज़ान के संदेश को इंसानियत, संयम और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। वहीं पूर्व विधायक नदीम जावेद ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और देश के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर डॉ. सूर्य भान यादव, डॉ. रफीक फारूकी, डॉ. राजकुमार मिश्रा, अखलाक खान, फैजान अहमद, जौनपुर प्रेस क्लब शाहगंज के अध्यक्ष चंदन कुमार जायसवाल, विक्रम सिंह, मोहम्मद सारिक, असलम एराकी, प्रियंक श्रीवास्तव, डॉ. तारीक शेख, डॉ. विपिन श्रीवास्तव, पत्रकार शशांक शेखर, पत्रकार राजकुमार अस्क, शाहिद नईम, ज़रियाब बेग सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, सौहार्द और गरिमा का वातावरण बना रहा, जिसने इसे एक यादगार और प्रेरणादायक कार्यक्रम बना दिया।






