उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़

एसपी ने किया थाने का विस्तृत निरीक्षण, चौकीदारों को वितरित किया साफा व कम्बल

जन एक्सप्रेस/ प्रतापगढ़:जिले में शनिवार को एसपी दीपक भूकर द्वारा थाना आसपुर देवसरा का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी शैलेन्द्र लाल एवं सीओ पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी ने एसपी दीपक भूकर को पुष्पकुंज भेंट कर स्वागत किया साथ ही उन्हें गार्द की सलामी देकर सम्मानित किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया। इस दौरान मेन्स बैरक, मिशन शक्ति कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय सहित थाना के विभिन्न अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं की जांच की गई। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप निष्पादित करने, आमजन से शालीन व्यवहार बनाए रखने तथा महिला सुरक्षा एवं जनसुनवाई को प्राथमिकता देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। एसपी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, तकनीकी संसाधनों का समुचित उपयोग तथा स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके। इसके उपरांत उन्होंने थाना आसपुर देवसरा क्षेत्र अंतर्गत नियुक्त चौकीदारों ( ग्राम प्रहरियों ) को कंबल एवं साफा का वितरण किया। इस अवसर पर चौकीदारों से संवाद स्थापित कर उनके योगदान की सराहना की गई तथा उनके मनोबल को सुदृढ़ किया गया। एसपी ने चौकीरदारों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में असामाजिक गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें, संदिग्ध व्यक्तियों एवं घटनाओं की सूचना समय से पुलिस को दें तथा आमजन से सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखते हुए पुलिस एवं जनता के बीच सेतु की भूमिका निभाएं। इस अवसर पर चौकीदारों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button