सपा सांसद का बड़ा आरोप: मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप
भाजपा सरकार पर चुनाव प्रभावित करने का आरोप

जन एक्सप्रेस/अयोध्या: समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने मिल्कीपुर उपचुनाव के दौरान भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दबाव बनाकर चुनाव को प्रभावित कर रही है। मतदान के दौरान सपा कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथों से भगाने की सूचना मिली है, जिससे निष्पक्ष चुनाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का दावा
अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि सपा के कम से कम 500 कार्यकर्ताओं को जबरन हिरासत में लिया गया है। उनका कहना है कि प्रशासन के सहारे भाजपा लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कार्यकर्ताओं को मतदान प्रक्रिया से दूर रखने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है।
संविधान और आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप
सांसद ने आरोप लगाया कि भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को भाजपा सरकार चकनाचूर कर रही है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है और प्रशासन मौन बना हुआ है। सपा सांसद ने निष्पक्ष चुनाव की मांग करते हुए चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है।