उत्तर प्रदेशमहराजगंजमहराजगंजराज्य खबरें

जनपद में गैस सिलेंडर की किल्लत, सपा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

जन एक्सप्रेस/महराजगंज:  जनपद में घरेलू और व्यवसायिक गैस सिलेंडरों की बढ़ती किल्लत को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर गैस आपूर्ति जल्द से जल्द सुचारू कराने की मांग की है।

सपा पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति समय से नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं को गैस बुक कराने के बाद भी कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे हजारों घरों में चूल्हे ठंडे पड़ने की स्थिति बन गई है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नेता विद्या सागर यादव ने बताया कि केवल घरेलू उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि व्यवसायिक गैस की कमी से होटल, ढाबे और छोटे खाद्य प्रतिष्ठान भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कई होटल संचालकों को मजबूरी में अपना कामकाज सीमित करना पड़ रहा है, जबकि कुछ दुकानदारों के सामने प्रतिष्ठान बंद करने तक की नौबत आ गई है। उन्होंने ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मनमानी और कालाबाजारी के कारण समस्या और गंभीर हो गई है। उनका कहना है कि कई स्थानों से गैस सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें मिल रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की परेशानियां और बढ़ती जा रही हैं।

ज्ञापन के माध्यम से पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मांग की कि जनपद में रसोई गैस और व्यवसायिक गैस की नियमित आपूर्ति तत्काल सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और इस समस्या के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। सपा नेताओं ने यह भी कहा कि गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाना चाहिए तथा एजेंसियों की मनमानी पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द ठोस कदम उठाएगा, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button