
जन एक्सप्रेस/रुद्रपुर(उत्तराखंड) : उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को शनिवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। बनबसा बॉर्डर से 92 लाख रुपये मूल्य की 309.96 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी बरेली से हेरोइन लाकर नेपाल के तस्कर को सौंपने जा रहा था।
धनुष पुल के पास बाइक सवार तस्कर गिरफ्तार
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने चंपावत जिले के बनबसा क्षेत्र में धनुष पुल चौकी के पास घेराबंदी कर बाइक सवार तस्कर शकूर अहमद पुत्र अलानूर, निवासी अब्बास नगर बहेड़ी, बरेली को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 309.96 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 92 लाख रुपये बताई गई है।
हेरोइन सप्लायर की तलाश में जुटी एसटीएफ
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शकूर अहमद ने बताया कि उसने हेरोइन बरेली निवासी अरबाज नामक व्यक्ति से ली थी। उसे यह खेप बनबसा बॉर्डर पर नेपाल निवासी किसी व्यक्ति को सौंपनी थी। एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने बताया कि सप्लायर और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
एसटीएफ की यह कार्रवाई सीओ आरबी चमोला और निरीक्षक पावन स्वरुप के नेतृत्व में की गई। टीम में एसआई विपिन चंद्र जोशी और एसआई विनोद चंद्र जोशी भी शामिल थे। स्थानीय पुलिस की सहायता से तस्कर को मौके पर ही दबोच लिया गया।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया
बनबसा थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, मामला अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी से जुड़ा हो सकता है, इसलिए जांच को और तेज कर दिया गया है।
नेपाल बॉर्डर पर हेरोइन तस्करी की कोशिश एक बार फिर एसटीएफ की सतर्कता से विफल हो गई। मामले की गहराई से जांच कर पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की दिशा में एजेंसियां काम कर रही हैं।






