नववर्ष पर जौनपुर पुलिस का तोहफा: 14 लाख के 75 गुमशुदा मोबाइल लौटाए, खिल उठे चेहरे

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर नववर्ष के मौके पर जौनपुर पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए सैकड़ों मोबाइल धारकों के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। साइबर क्राइम थाना जौनपुर ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 75 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। इन मोबाइलों की कुल बाजार कीमत लगभग 14 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइलों में से 20 मोबाइल फोन दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य प्रांतों से तथा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, प्रतापगढ़, बलिया, भदोही और उन्नाव जनपदों से 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बरामद किए गए मोबाइल फोन मुख्य रूप से वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग जैसी नामी कंपनियों के हैं।
मोबाइल फोन वितरण कार्यक्रम में नोडल साइबर क्राइम एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम देवेश सिंह की उपस्थिति में मोबाइल स्वामियों को उनके फोन सौंपे गए। नववर्ष पर अपना खोया मोबाइल वापस पाकर सभी लाभार्थी बेहद खुश और संतुष्ट नजर आए।
साइबर क्राइम थाना जौनपुर की इस कार्रवाई के साथ ही अब तक जिले में कुल 1019 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके स्वामियों को लौटाए जा चुके हैं।
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम थाना महेश पाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम सेल राजेश कुमार यादव सहित साइबर क्राइम थाना व जनपद के समस्त थानों की साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत करें। वहीं साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।






