उत्तराखंडदेहरादूनपौड़ी

आपदा प्रभावितों को विशेष राहत देने की मांग को लेकर यूकेडी ने सौंपा ज्ञापन

जिलाधिकारी से मुलाकात कर बुजुर्गों, महिलाओं व असहायों को प्राथमिकता देने की उठाई मांग

जन एक्सप्रेस पौड़ी। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को आपदाग्रस्त थैलीसैंण क्षेत्र में राहत कार्यों को लेकर जिलाधिकारी पौड़ी, स्वाति भदौरिया से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जन सामान्य के साथ-साथ बुजुर्ग माताओं, बहनों और असहाय लोगों को राहत कार्यों में प्राथमिकता देने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कलगड़ी, सैंजी, बुरांसी, ताल समेत आपदा प्रभावित गांवों में गैस सिलेंडर, जरूरी घरेलू सामान शीघ्र उपलब्ध कराने, विद्युत और पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने की मांग की।

यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष ने कहा कि “सरकार को इस आपदा की घड़ी में पूरी तत्परता से कार्य करते हुए प्रभावितों तक हर आवश्यक सामग्री पहुंचानी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर हमने जिलाधिकारी से औपचारिक रूप से ज्ञापन सौंपा है।”

इस अवसर पर यूकेडी के पौड़ी जिलाध्यक्ष अर्जुन नेगी और कोट ब्लॉक से अंकित रावत भी मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्र में गंदे पेयजल की आपूर्ति, कूड़ा निस्तारण और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं को भी जिलाधिकारी के समक्ष रखा।जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सभी मामलों पर गंभीरता से विचार कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button