हरदोई में शांति और सौहार्द पर जोर, डीएम अनुनय झा ने दिए सख्त निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई में आगामी रमजान, होली, नवरात्र और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में जिला अधिकारी (डीएम) अनुनय झा की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा की उपस्थिति में सेंट्रल पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीएम अनुनय झा ने सभी धर्म गुरुओं और गणमान्य नागरिकों से अपील की कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब और कौमी एकता को बनाए रखते हुए सभी त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को जागरूक करने पर जोर दिया और कहा कि सोशल मीडिया जैसे फेसबुक और व्हाट्सएप पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहें।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो लोग प्रतिक्रिया देने के बजाय तुरंत प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।
डीजे और लाउडस्पीकर पर सख्ती
प्रशासन ने त्योहारों के दौरान ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी कड़े निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशानुसार सभी धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित मानकों के अनुसार ही रखी जाएगी। साथ ही होली के मौके पर कहीं भी तेज आवाज में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
होलिका दहन स्थलों और जुलूसों पर निगरानी
डीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम, बीडीओ और नगर निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में होलिका दहन के पारंपरिक स्थलों का निरीक्षण करें। यदि कहीं विवाद की स्थिति हो, तो उसे आपसी सहमति से तत्काल सुलझाया जाए।
इसके अलावा साण्डी, शाहाबाद और मल्लावां जैसे क्षेत्रों में निकलने वाले जुलूसों और मेलों के लिए मार्ग निर्धारित करने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में
एसपी अशोक कुमार मीणा ने बैठक में कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अराजक तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है और उन्हें पहले ही चेतावनी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि होली और ईद के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, चौराहों और मोहल्लों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
इसके साथ ही पुलिस अधिकारी लगातार क्षेत्र में गश्त करेंगे और स्थिति पर नजर बनाए रखेंगे। सभी सीओ और थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय धर्म गुरुओं के साथ समन्वय स्थापित कर शांति समिति की बैठकें आयोजित करें।
सफाई और पानी की व्यवस्था पर भी जोर
नगर निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारों के दौरान सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से बनी रहे।






