उत्तराखंडदेहरादून

750 करोड़ की ठगी कर थाईलैंड भाग रहा था CA अभिषेक अग्रवाल, एयरपोर्ट से दबोचा

शातिर चार्टर्ड अकाउंटेंट ने चीनी नागरिकों के साथ मिलकर बनाए थे फर्जी लोन एप, एसटीएफ उत्तराखंड ने इंटरपोल अलर्ट से पहले ही किया गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /देहरादून: देश भर में फर्जी लोन एप के जरिए 750 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले मास्टरमाइंड और चार्टर्ड अकाउंटेंट अभिषेक अग्रवाल को उत्तराखंड एसटीएफ ने दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी थाईलैंड भागने की फिराक में था, लेकिन इमिग्रेशन अलर्ट और तकनीकी निगरानी की मदद से टीम ने उसे एयरपोर्ट से दबोच लिया।

एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर के अनुसार, आरोपी अभिषेक अग्रवाल ने चीनी नागरिकों के साथ मिलकर देश भर में फर्जी लोन एप का जाल फैलाया था। इन एप्स के जरिये लोगों को पहले कम ब्याज पर लोन देने का लालच दिया जाता था, फिर उनके मोबाइल डेटा और कॉन्टैक्ट्स तक पहुंच बनाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

छानबीन में सामने आया है कि अभिषेक और उसका साथी अंकुर ढींगरा (गुरुग्राम निवासी) मिलकर कई शेल कंपनियां चला रहे थे। इन कंपनियों के जरिए मोटी रकम देश से बाहर भेजी गई। वर्ष 2022 में आरोपी के खिलाफ पहला मामला दर्ज हुआ था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

एसटीएफ ने उसकी तलाश के लिए तकनीकी सर्विलांस के साथ-साथ बैंकिंग ट्रांजैक्शन और विदेश भागने के प्रयासों पर भी नजर रखी हुई थी। जैसे ही जानकारी मिली कि वह थाईलैंड की फ्लाइट लेने वाला है, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button