उत्तराखंडदेहरादूनहादसा

थराली आपदा: सीएम धामी ने राहत कार्यों की समीक्षा

जन एक्सप्रेस/देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार देर रात आपदा परिचालन केंद्र में बैठक कर चमोली जिले के थराली क्षेत्र में हुई आपदा राहत कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त मकानों और मृतकों के परिजनों को तत्काल पाँच-पाँच लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि थराली में बेघर हुए परिवारों के लिए तुरंत वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की जाए और साथ ही पुनर्वास कार्यों को गति दी जाए। मुख्यमंत्री ने स्याना चट्टी क्षेत्र में पानी की निकासी व्यवस्था शीघ्र पूरी करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। राहत सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी आवश्यक वस्तुएँ एक साथ उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने जोर दिया। धामी ने जिलाधिकारी चमोली और उनकी टीम की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह का प्रभावी समन्वय अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों में भी होना चाहिए। साथ ही उन्होंने एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और कार्यशैली की प्रशंसा की।

मुख्यमंत्री ने राज्य में अगले दो दिन के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सभी जिलाधिकारियों को पूरी तैयारी रखने और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सामग्री संवेदनशील स्थानों पर पहले से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने चमोली (थराली), पौड़ी (सैजी) और उत्तरकाशी (धराली) में आई आपदाओं के पैटर्न का अध्ययन करने के लिए प्रतिष्ठित एजेंसियों और वैज्ञानिकों की एक विशेषज्ञ समिति गठित कर रिपोर्ट तैयार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button