6 करोड़ की लागत से बदलेगा चौकिया धाम का स्वरूप, भव्य और आधुनिक बनेगा मां शीतला मंदिर जौनपुर

जन एक्सप्रेस/ जौनपुर: जौनपुर पूर्वांचल की आस्था का प्रमुख केंद्र मां शीतला धाम चौकिया अब भव्यता की नई कहानी लिखने जा रहा है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने चौकिया धाम के सुंदरीकरण और पर्यटन विकास के लिए 6 करोड़ रुपये की बड़ी धनराशि मंजूर कर दी है। इस परियोजना के तहत धाम को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए इसे प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की तैयारी की जा रही है।
सरकारी स्तर पर धाम के कायाकल्प की सभी औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। सर्वे कार्य संपन्न कर लिया गया है और फाइनल डिजाइन भी तैयार हो चुका है। संबंधित कार्यदायी संस्था से आवश्यक बातचीत पूरी कर ली गई है।
संभावना जताई जा रही है कि इसी माह परियोजना की नींव रखी जा सकती है और जल्द ही निर्माण कार्य जमीनी स्तर पर शुरू होगा।
स्थानीय श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस विकास कार्य से पूर्वांचल में मां शीतला धाम की महत्ता और अधिक बढ़ेगी तथा यहां आने वाले भक्तों की संख्या में भी इजाफा होगा।
भव्यता और आधुनिकता का नया संगम
भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण:
मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार पहले से कहीं अधिक आकर्षक और भव्य बनाया जाएगा।
द्वार के दोनों ओर मां शीतला की विशाल तस्वीरें स्थापित की जाएंगी तथा पूरे प्रवेश द्वार को छोटी-छोटी कलात्मक प्रतिमाओं से सजाया जाएगा।
साथ ही रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं का स्वागत दिव्य वातावरण में हो सके।
आधुनिक हॉल और नए प्रवेश मार्ग:
भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पुराने हॉल को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए हॉलों का निर्माण किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए दो नए प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे—एक शाहगंज मार्ग की ओर तथा दूसरा पचहटिया मार्ग की दिशा में।
सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाएं:
मंदिर परिसर के पीछे स्थित कुंड में दो आकर्षक फव्वारे लगाए जाएंगे और ग्रेनाइट की जगह विशेष डिजाइनयुक्त स्टोन सेटिंग की जाएगी। दीवारों पर भी कलात्मक स्टोन डिजाइन का कार्य होगा।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक स्थायी मंच का निर्माण किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सुलभ कॉम्प्लेक्स (शौचालय) बनाए जाएंगे, परिसर में स्वच्छता के लिए कूड़ेदान लगाए जाएंगे तथा गलियों में इंटरलॉकिंग के स्थान पर सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा। नालियों की सफाई और समग्र स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात भी कही गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विकास कार्य के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक तोड़फोड़ नहीं की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
धाम के पांडा विवेकानंद ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जिला अधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
यह परियोजना पूर्ण होने के बाद मां शीतला धाम न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र रहेगा, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी जौनपुर को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
बाइट,विवेकानंद पांडा






