हाथरस पुलिस का मानवीय चेहरा: दो दीवारों के बीच फंसी मासूम की बचाई जान
थानाध्यक्ष योगेश कुमार व मिशन शक्ति टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा

जन एक्सप्रेस/ हाथरस:हाथरस के थाना सादाबाद क्षेत्र अंतर्गत भगत सिंह कॉलोनी में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेलते-खेलते एक मासूम बच्ची दो संकरी दीवारों के बीच गहराई में फंस गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष योगेश कुमार मिशन शक्ति टीम के साथ बिना देरी किए मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने पूरी सावधानी और सूझबूझ के साथ बचाव कार्य शुरू किया।
घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू
स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बच्ची को सकुशल बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता और धैर्य का परिचय दिया, जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई।सुरक्षित बाहर निकालने के तुरंत बाद बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे पूरी तरह स्वस्थ घोषित कर दिया। बच्ची के सुरक्षित होने की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली।
परिजनों ने जताया हाथरस पुलिस का आभार
पुलिस के त्वरित एक्शन और मानवीय संवेदनशीलता को देखकर परिजनों की आंखें भर आईं। उन्होंने हाथरस पुलिस, थानाध्यक्ष योगेश कुमार और मिशन शक्ति टीम का दिल से आभार व्यक्त किया।यह घटना हाथरस पुलिस के कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता और मानवीय चेहरे को उजागर करती है, जिसने समय रहते एक मासूम की जान बचाकर समाज में भरोसा और विश्वास कायम किया।






