उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

मनबढ़ों ने पत्रकार की कार में की तोड़फोड़, परिवार दहशत में

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जफराबाद जलालपुर क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में सोमवार की देर रात मनबढ़ तत्वों ने एक पत्रकार की कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए इस हमले से पीड़ित परिवार सहम गया। मामले में पीड़ित ने दो नामजद सहित तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
गांव निवासी पत्रकार विवेक कुमार सिंह का पड़ोसियों से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में उनके परिवार से कई बार कहासुनी हो चुकी है। पीड़ित ने बताया कि उनकी मां की तबीयत गंभीर चल रही है, जिनकी देखरेख के बाद वह रात में सो गए थे। करीब डेढ़ बजे बाहर से जोर की आवाज सुनकर उनकी पत्नी संगीता सिंह और पुत्री रितिका बाहर निकलीं, तो देखा तीन युवक वहां से भाग रहे थे।

परिजनों ने भागते हुए दो युवक—राहुल सिंह पुत्र अमरजीत सिंह और रोहन सिंह पुत्र राजेश सिंह—की पहचान कर ली, जबकि एक युवक पहचान में नहीं आया। पीड़ित ने बताया कि 27 अक्टूबर 2015 को भी रोहन सिंह असलहा लहराते हुए घर पर जान से मारने की धमकी दे चुका है।

घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दी।
इस संबंध में थाने पर मौजूद एसआई राजकुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के लिए एसआई राम अवतार यादव को लगाया गया है। थानाप्रभारी गजानंद चौबे के आने के बाद आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button