आठ दिन से चली आ रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, रविवार से लौटेंगे काम पर

जन एक्सप्रेस/हरदोई: Shahabad में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों की आठ दिन से चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार समाप्त हो गई है। शनिवार को अधिशासी अधिकारी और सफाई कर्मचारियों के नेताओं के बीच हुई सौहार्दपूर्ण वार्ता के बाद हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया गया। रविवार सुबह से कर्मचारी अपने काम पर वापस लौटेंगे।
गुरुवार को खाते में जाएगा वेतन
नगर पालिका परिषद में वेतन भुगतान करने वाली तीन फर्मों के ब्लैकलिस्ट होने के कारण करीब 300 आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों और सुपरवाइजरों का वेतन अटक गया था।
वार्ता के दौरान अधिशासी अधिकारी ने आश्वासन दिया कि गुरुवार को सभी कर्मचारियों के खाते में वेतन भेज दिया जाएगा।
सफाई कर्मचारी नेता संजय कुमार वाल्मीकि ने कहा कि यदि तय समय पर वेतन नहीं आया तो कर्मचारी दोबारा अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।
आठ दिन ठप रही सफाई व्यवस्था, शहर में फैली गंदगी
हड़ताल के कारण पूरे नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई थी। सिनेमा मार्ग, बस स्टैंड, पुरानी सब्जी मंडी, चौक, सराफा बाजार, बड़ी बाजार, सदर बाजार और अल्लाहपुर सहित प्रमुख बाजारों और गलियों में कूड़े के ढेर लग गए थे।
कूड़ा सड़ने से संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई थी। होली और रमजान जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर मस्जिदों और मंदिरों के आसपास भी गंदगी की स्थिति गंभीर हो गई थी।
वार्ता के बाद बनी सहमति
समस्या विकराल होने पर अधिशासी अधिकारी ने सफाई कर्मचारी नेताओं संजय कुमार वाल्मीकि और बीएम सिंह को नगर पालिका परिषद कार्यालय में वार्ता के लिए बुलाया। बातचीत सकारात्मक रही और हड़ताल समाप्त करने पर सहमति बनी।
आठ दिन बाद सफाई व्यवस्था बहाल होने की खबर से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है।






