तालाब में डूबकर दो बच्चियों की मौत, एक को बचाया

बाराबंकी । मसौली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम नहामऊ में बुधवार दोपहर को बकरी चराने गई दो बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। जबकि एक बच्ची को बचा लिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नहामऊ में रहने वाले तफज्जूल की आठ वर्षीय पुत्री जैस्मिन, तज्जमूल की 12 वर्षीय पुत्री साईमा व जब्बार की 13 वर्षीय पुत्री करीना और आठ वर्षीय चांदबाबू के साथ बकरी चराने गयी थी। दोपहर करीब 12 बजे टावर के निकट सगरा तालाब में हाथ पैर धो रही थी।
इसी दौरान एक बच्ची का पैर तालाब में फिसल गया, जिसे बचाने के लिए दोनों बच्चियां डूबने लगी। चांदबाबू ने डूब रही करीना को तो हाथ से बाहर को खींच लिया। लेकिन जैस्मिन और साईमा डूब गई। बच्चे के चिल्लाने पर तालाब के पास धान रोपाई कर रहे ग्रामीणों ने बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी पर क्षेत्राधिकारी रामनगर हर्षित चौहान थानाध्यक्ष मसौली अभिषेक तिवारी और परिवार के लोग पहुंच गए। बच्चियों के शवों को देखकर रोना-पीटना मच गया।






