उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगमिर्जापुर

चुनार स्टेशन के पास मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतरीं, रेलवे में हड़कंप

दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर यार्ड में घुसते समय हुआ हादसा, राहत कार्य के लिए प्रयागराज और डीडीयू से बुलाई गई एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन

जन एक्सप्रेस मिर्जापुर, संवाददाता।  चुनार रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया, जब एक मालगाड़ी की तीन बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसा उस समय हुआ जब मालगाड़ी यार्ड में प्रवेश कर रही थी। घटना से दिल्ली-हावड़ा जैसे व्यस्त रेल मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।

रेलवे फाटक पर लंबा जाम, यात्री परेशान
हादसा रेलवे क्रॉसिंग के ठीक पास हुआ, जिससे क्रॉसिंग को बंद कर देना पड़ा। इसके चलते दोनों ओर लंबा जाम लग गया और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग फाटक के दोनों ओर घंटों तक फंसे रहे। यातायात पुलिस और आरपीएफ के जवानों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन जब तक राहत ट्रेन नहीं पहुंचती, तब तक कोई बड़ा कदम नहीं उठाया जा सकता।

राहत कार्य के लिए बुलाई गई विशेष टीमें
लोको पायलट द्वारा दी गई जानकारी पर स्टेशन मास्टर ने तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद प्रयागराज और डीडीयू से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन रवाना की गई है। रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और बोगियों को हटाकर ट्रैक को दुरुस्त करने का कार्य राहत टीमों के पहुंचने के बाद शुरू किया जाएगा।

रेलवे ट्रैक बहाली की कवायद जारी
हादसे के बाद रेलवे विभाग की टीम ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने में जुट गई है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन पहुंचेगी, पलटी हुई बोगियों को हटाने और ट्रैक सुधार का कार्य प्रारंभ होगा। फिलहाल दिल्ली-हावड़ा रूट पर अन्य ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है, और यात्रियों को वैकल्पिक मार्गों की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button