वन विभाग की चुप्पी में कट रहे पेड़, लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा ग्रामसभा अंतर्गत जालकपुर गांव में जालकपुर नदी के किनारे बड़ी संख्या में हरे पेड़ों की कटाई खुलेआम की जा रही है। जहां एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” योजना के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया गया है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय वन अधिकारी हरियाली को ही उजाड़ने में लगे हुए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हरे-भरे वृक्षों को काटने का यह अवैध कार्य प्रतिदिन जारी है, और इस पूरे मामले में क्षेत्रीय वन निरीक्षक अमित कुमार व वन अधिकारी रामजीत राम की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब भी कोई जागरूक व्यक्ति फोन कर उन्हें सूचित करता है, तो वे मौके पर पहुंचने के बजाय सूचना देने वाले को टाल देते हैं। इससे लकड़ी तस्कर मौके से फरार हो जाते हैं और अवैध कटान जारी रहता है।
इस लापरवाही और मिलीभगत की वजह से न केवल पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है, बल्कि सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। पूरे जनपद में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा वृक्षारोपण अभियान को गति दी जा रही है, जबकि जलालपुर क्षेत्र में पेड़ों की अवैध कटाई से शासन के निर्देशों की खुलकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।






