जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन ही सच्ची सेवा -डा आलोक सिंह पालीवाल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : शाहगंज नगर स्थित रविवार पूर्वाह्न पालीवाल पेट्स क्लीनिक एण्ड सर्जिकल सेंटर सुल्तानपुर रोड, शाहगंज के पशु चिकित्सक ने नगर के पशु प्रेमी युवकों को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए नजर आए। मौका सड़क दुर्घटना में घायल नंदी महाराज (सांड) के उपचार का था। विगत तीन जुलाई को आजमगढ़ मार्ग स्थित कांसीराम आवास के पास उक्त सांड डीसीएम ट्रक के टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसमें शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट आने के साथ ही उसका जबड़ा बुरी तरह से टूट गया था। घटना के बाद सेवा की सच्ची मिशाल बन उक्त आवासीय क्षेत्र से तीन लड़के ओम, अमित और विशाल आगे आए और दर्द से कराह रहे सांड को सड़क के किनारे सुरक्षित कर बेजुबान संस्था को सूचित किया। संस्था के लोगों की सूचना पर स्थानीय पशु चिकित्सालय ने घायल सांड के उपचार को लेकर जहां हाथ खड़ा कर दिया, वहीं मौके पर डाक्टर पालीवाल ने मौके पर पहुंच जबड़े की सर्जरी कर राहत पहुंचाने का कार्य किया। पेशे के प्रति उनके सेवाभाव को देखकर युवक जहां प्रभावित हुए, वहीं डाक्टर पालीवाल ने युवकों को सेवाभाव की परिभाषा सिखाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र चाहे जो हो, जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन ही सच्ची सेवा है। संस्था के लोगों ने चिकित्सक के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।






