उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़.राज्य खबरें

पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले की दिलीपपुर थाने की पुलिस व बदमाशों के बीच सोमवार को हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाशों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बता दें कि बीते शनिवार को दिलीपपुर थाना इलाके के रामपुर आधारगंज में ई रिक्शा चालक सुनील कुमार से अज्ञात बदमाशों ने ई-रिक्शा को सूनसान स्थान पर रुकवाकर तमंचा एवं चाकू के दम पर ई-रिक्शा की बैटरी, मोबाइल फोन एवं सात सौ नकद छीन लिया और मौके से फरार हो गए। जिसके बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सरगर्मी से तलाश कर रही थी। एसपी दीपक भूकर के निर्देशन में एएसपी पश्चिमी शैलेन्द्र लाल व सीओ पट्टी मनोज कुमार के पर्वेक्षण में थानाध्यक्ष बलराम सिंह के नेतृत्व में थाना दिलीपपुर पुलिस टीम द्वारा थाना इलाके के चौहर्जन पुल के पास जंगल में बसीरपुर गांव में चेकिंग के दौरान दो अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गयी। जिसके बाद पुलिस द्वारा की गई जबाबी फायरिंग में लवकुश ओझा व चांद के दाहिने पैर में गोली लगी और दोनों घायल हो गए जिसके बाद पुलिस ने दोनों को ईलाज हेतु जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूट की ई-रिक्शा की एक बैटरी एवं दो देशी तमन्चा, चार खोखे कारतूस व दो जिंदा कारतूस बरामद किया। थाना इलाके के सराय शेरखां गांव निवासी चांद एवं श्रीपुर निवासी लवकुश के खिलाफ दिलीपपुर थाने पर पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। सीओ पट्टी ने बताया कि बीते शनिवार को चार अज्ञात बदमाशों के द्वारा थाना इलाके में एक ई रिक्शा चालक से तमंचे के बल पर मोबाइल, ई रिक्शा की बैटरी व नकदी की छिनैती की गई थी। सोमवार को चौहर्जन पुल के समीप उन्हीं बदमाशों की सूचना होने पर पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश पुलिस पर फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी और वो घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाशों के कब्जे से ई रिक्शा की बैटरी, तमंचा, कारतूस व मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button