UPPCL लेकर आया साल की सबसे बड़ी राहत: बिजली बिल माफी का सुनहरा मौका, कम भुगतान ज्यादा राहत

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा घरेलू (2 KW तक) और वाणिज्यिक (1 KW तक) नेवर पेड एवं लॉन्ग अनपेड उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल राहत योजना 2025–26 शुरू कर दी गई है। यह योजना तीन चरणों में चलेगी 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक। उपभोक्ताओं को सबसे अधिक लाभ पहले चरण में मिलेगा, इसलिए समय पर पंजीकरण करना बेहद फायदेमंद रहेगा।
योजना की शुरुआत मात्र ₹2000 के पंजीकरण शुल्क से होगी। पंजीकरण कराने वाले सभी उपभोक्ताओं को योजना अवधि में लेट पेमेंट सरचार्ज पूरी तरह माफ मिलेगा। एकमुश्त भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को चरण के अनुसार 25%, 20% और 15% तक की अतिरिक्त छूट दी जाएगी। लंबे समय से बकाया रखें उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बकाया और वर्तमान बिल को अलग कर दिया गया है, ताकि भुगतान आसान और व्यवस्थित हो सके।
इतना ही नहीं, उपभोक्ता अपने पुराने बकाये को ₹750 और ₹500 की मासिक आसान किश्तों में भी जमा कर सकते हैं। किश्तों पर भी चरण के अनुसार 10% और 5% तक की राहत उपलब्ध है। जिन उपभोक्ताओं का बिल असामान्य रूप से अधिक आया है, उन्हें औसत बिल जमा करने की सुविधा दी गई है। बिजली चोरी के मामलों में पंजीकरण कराने पर राजस्व निर्धारण में 50% तक की छूट और मुकदमों से राहत का अवसर भी प्रदान किया जा रहा है।
एएसडीओ मोहम्मद रौशन जमीर ने बताया कि यह योजना उपभोक्ताओं के आर्थिक बोझ को कम करने का एक अभूतपूर्व अवसर है। उन्होंने सभी पात्र उपभोक्ताओं से अपील की कि वे जल्द से जल्द पंजीकरण कर पहले चरण की अधिकतम छूट का लाभ उठाएँ।
पंजीकरण www.uppcl.org पर, अथवा विद्युत सखी, मीटर रीडर और जन सेवा केंद्रों के माध्यम से किया जा सकता है। अधिक जानकारी हेतु टोल-फ्री 1921 पर संपर्क करें।
जल्दी भुगतान करें, ज्यादा लाभ पाएं!






